Now Reading
Asian Games 2023: नीरज चोपड़ा ने जीता गोल्ड, भारत 100 पदकों के करीब

Asian Games 2023: नीरज चोपड़ा ने जीता गोल्ड, भारत 100 पदकों के करीब

  • भारतीय खिलाड़ियों ने आज एशियन गेम्स 2023 के 11वें दिन कुल 12 मेडल अपने नाम किए।
  • 11वें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 3 गोल्ड, 5 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल जीतें।
asian-games-2023-neeraj-chopra-wins-gold

Asian Games 2023 Updates: चीन के हांगझोउ में खेले जा रहे ‘एशियन गेम्स 2023’ में भारत इस बार अपनी छाप छोड़ते हुए, अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करता नजर आ रहा है। आज, 4 अक्टूबर तक भारत पदक तालिका में 18 स्वर्ण, 31 रजत और 32 कांस्य समेत कुल 81 पदक अपने नाम कर चुका है। मेडल के लिहाज से 1951 में शुरू हुए एशियन गेम्स टूर्नामेंट में यह भारत का अब तक का सबसे बेहतर रिकॉर्ड है।

बता दें एशियन गेम्स 2023 के पिछले संस्करण में भारत ने कुल 70 पदक हासिल किए थे। लेकिन चूँकि इस साल के टूर्नामेंट को खत्म होने में अभी भी काफी समय है, ऐसे में यह उम्मीद की जा रही है कि भारत इस बार मेडल तालिका में 100 का आँकड़ा भी पार कर सकता है।

Asian Games 2023: भारत ने 11वें दिन जीतें 12 मेडल

भारतीय खिलाड़ियों ने आज एशियन गेम्स 2023 के 11वें दिन कुल 12 मेडल अपने नाम किए। भारत पुरुषों की 4×400 मीटर रिले दौड़ में अपना 18वां गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब रहा। इसके पहले ‘जैवलिन थ्रो’ में गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने भारत को 17वां गोल्ड मेडल दिलाया। नीरज ने 88.88 मीटर का थ्रो करते हुए, यह सफलता हासिल की। दिलचस्प ये रहा कि ‘जैवलिन थ्रो’ में सिल्वर मेडल भी भारत के ही नाम रहा, जिसे किशोर जेना ने जीता।

इतना ही नहीं बल्कि आज भारत की ‘कंपाउंड तीरंदाजी: म‍िक्सड टीम’ ने एक और गोल्ड देश की झोली में डाला है। 11वें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 3 गोल्ड, 5 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए।

भारत की ओर से 66-75 किग्रा बॉक्स‍िंग में लवलीना बोरगोहेन ने, 800 मीटर रेस में हरमिलन बैंस ने, 5000 मीटर रेस में अविनाश साबले ने, 4×400 रिले रेस में महिला टीम ने, और जैवलिन में किशोर जेना ने सिल्वर मेडल हासिल किया।

वहीं 35 किमी रेस वॉक मिश्रित टीम स्पर्धा में मंजू रानी और राम बाबू ने, स्क्वैश मिश्रित युगल में अनाहत सिंह और अभय सिंह ने, 54-57 किग्रा बॉक्स‍िंग प्रतियोगिता में परवीन हुडा ने और रेसलिंग में सुनील कुमार ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।

See Also
manoj-jarange-will-march-to-mumbai-with-10-lakh-vehicles-for-maratha-reservation

मेडल तालिका में भारत चौथे स्थान पर

ताजा आँकड़ो के तहत भारत ‘एशियन गेम्स 2023’ की मेडल तालिका में अब तक कुल 81 मेडलों के साथ चौथे स्थान पर बना हुआ है। तालिका में पहले स्थान पर फिलहाल 304 मेडल के साथ चीन क़ाबिज हैं। वहीं दूसरे व तीसरे स्थान के लिए जापान और दक्षिण कोरिया के बीच होड़ लगी हुई है।

रैंक देश गोल्ड सिल्वर ब्रॉन्ज कुल
1 चीन 171 94 51 316
2 जापान 37 51 59 147
3 दक्षिण कोरिया 33 45 70 148
4 भारत 18 31 32 81

एशियन गेम्स 2023 के बारे में!

इस साल यानी 2023 में चीन के हांगझोउ में 19वें एशियाई खेलों का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 23 सितंबर शुरू होकर 8 अक्टूबर तक चलेगा। इस बार के एशियन गेम्स में कुल 40 खेल और 406 इवेंट होंगे। इनमें लगभग 45 देशों के हज़ारों एथलीट भाग ले रहे हैं। एशियन गेम्स 2023 की लाइव-स्ट्रीमिंग SonyLIV पर की जा रही है, साथ ही Sony के स्पोर्ट्स टीवी चैनलों पर भी सीधा प्रसारण देखा जा सकता है। 

©प्रतिलिप्यधिकार (Copyright) 2014-2023 Blue Box Media Private Limited (India). सर्वाधिकार सुरक्षित.