Now Reading
IBM Layoffs: कंपनी ने किया 3,900 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का ऐलान

IBM Layoffs: कंपनी ने किया 3,900 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का ऐलान

ibm-layoffs-3900-employees

IBM Layoffs 2023: साल 2023 की शुरुआत से ही तमाम दिग्गज कंपनियों ने बड़े पैमानें पर छंटनियों का ऐलान किया है और लगता है ये सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। जी हाँ! हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि अब इस लिस्ट में एक नया और बड़ा नाम – IBM का भी जुड़ गया है।

असल में वैश्विक टेक दिग्गज कंपनी IBM Corp ने अब 3,900 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने (छंटनी) का ऐलान किया है। कंपनी ने भारतीय समय के अनुसार, बुधवार देर रात को अपनी राजस्व रिपोर्ट पेश करने के साथ ही इस व्यापक छंटनी की भी घोषणा की है।

हुआ ये कि IBM चौथी तिमाही में अनुमानित राजस्व से कही ज़्यादा पीछे रह गई, और इसी कारण का हवाला देते हुए कुछ परिसंपत्तियों के विनिवेश के हिस्से के रूप में ही 3,900 कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया गया है।

राजस्व लक्ष्य से चुकने की बात स्वीकार करते हुए, IBM के मुख्य वित्तीय अधिकारी, जेम्स कवानुघ (James Kavanaugh) ने Reuters को बताया कि कंपनी अभी भी क्लाइंट-फेसिंग और रिसर्च एंड डेवलपमेंट विभागों में नई भर्तियाँ करती रहेगी।

IBM layoffs 2023

IBM Layoffs 2023

अपने आधिकारिक बयान में कंपनी ने कहा कि छंटनी इसके Kyndryl व्यवसाय के स्पिनऑफ़ और एआई संबंधित इकाई Watson Health के एक भाग से संबंधित है। IBM के मुताबिक, छंटनी से कंपनी को जनवरी-मार्च की तिमाही में 300 मिलियन डॉलर का शुल्क अदा करना होगा।

इस खबर के सामने आते ही कंपनी के शेयरों में 2% की गिरावट दर्ज की गई है। जानकारों की मानें तो नौकरी में कटौती और राजस्व रिपोर्ट में अनुमानों से चूकना, इस गिरावट के पीछे के अहम वजहें हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी द्वारा की गई ये छंटनी असल में इसके कुल कर्मचारियों का 1.5% हिस्सा है।

देखा जाए तो साल 2022 में IBM ने लगभग $9.3 बिलियन का नकद प्रवाह (कैश फ़्लो) दर्ज किया, जो इसके $10 बिलियन के तय लक्ष्य से कम ही रहा।

असल में इसके पीछे की वजह बाजार में संभावित मंदी और व्यवसायों को डिजिटल बनाने के प्रयासों में आई कमी भी है, जिससे व्यवसाय अब खर्च को लेकर काफी सतर्क हो गए हैं।

See Also
whirlpool-to-layoff-1000-employees-globally-including-india

चौथी तिमाही में IBM के सॉफ्टवेयर और कन्सल्टिंग बिजनेस ने क्रमिक रूप से धीमी वृद्धि दर दर्ज की, लेकिन इसके क्लाउड बिजनेस ने कंपनी को थोड़ी उम्मीद ज़रूर थी।

दिसंबर को समाप्त तिमाही हुई तिमाही में इसका हाइब्रिड क्लाउड बिजनेस का राजस्व 2% तक बढ़ता नजर आया। वहीं Refinitiv के अनुसार कंपनी ने साल 2022 में लगभग $16.69 बिलियन का कुल राजस्व दर्ज किया, जो विश्लेषकों के $16.40 बिलियन के अनुमान की तुलना में स्थिर ही रहा।

बताते चलें कि बीते साल 2022 में IBM ने 5.5% की राजस्व वृद्धि भी दर्ज की, जो अब तक कंपनी द्वारा एक दशक में दर्ज की गई सबसे अधिक वृद्धि है।

इसके पहले साल 2023 की शुरुआत में ही Amazon ने 18,000, Google ने लगभग 12,000 और Microsoft ने 10,000 से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का ऐलान किया।

साथ ही इस साल Swiggy 350 से अधिक कर्मचारियों, Wipro 450 से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से निकाल चुके हैं। इसके पहले Meta ने 11,000 और Salesforce ने 8,000 से अधिक कर्मचारियों की छंटनी की थी।

©प्रतिलिप्यधिकार (Copyright) 2014-2023 Blue Box Media Private Limited (India). सर्वाधिकार सुरक्षित.