30 साल बाद ‘खिसक रहा है’ दुनिया का सबसे बड़ा हिमखंड – A23a, बढ़ी टेंशन?

  • A23a आइसबर्ग लगभग 4,000 वर्ग किमी में फैला है, जिसका वजन करीब एक ट्रिलियन मीट्रिक टन है।
  • यह हिमखंड न्यूयॉर्क शहर के आकार का लगभग तीन गुना है।
worlds-largest-iceberg-on-the-move-after-30-years

World’s Largest Iceberg On The Move After 30 Years: दिन-प्रतिदिन दुनिया भर में पर्यावरण की चुनौतियाँ बढ़ती जा रही हैं। इसी क्रम में अब वैज्ञानिकों ने शुक्रवार (24 नवंबर) को एक बड़ा खुलासा किया कि दुनिया के सबसे बड़ा हिमखंड (आइसबर्ग) – ‘A23a’ ने तीन दशक यानी लगभग 30 साल से समुद्र तल पर अटके रहने के बाद, अब पहली बार खिसकना शुरू कर दिया है।

बता दें, A23a नामक यह हिमखंड 1986 में पश्चिमी अंटार्कटिका के फिल्चनर-रोन आइस शेल्फ तटरेखा से अलग हो गया था। लेकिन अलग होने के बाद इस हिमखंड का आधार वेडेल सागर (Weddell Sea) के तल में अटक गया था, जिसके बाद से यह वहीं फँसा रहा और एक बर्फ के द्वीप का रूप ले लिया। बता दें इस आइसबर्ग में कभी सोवियत अनुसंधान केंद्र भी हुआ करता था।

World’s Largest Iceberg ‘A23a’ On The Move

लेकिन वैज्ञानिकों के अनुसार, एक बार फिर इस हिमखंड ने खिसकना शुरू कर दिया है। और यह इसलिए भी अहम हो जाता है क्योंकि इस हिमखंड का आकार लगभग 4,000 वर्ग किमी या 1,500 वर्ग मील हैं। तुलनात्मक रूप से देखा जाए तो यह हिमखंड न्यूयॉर्क शहर के आकार का लगभग तीन गुना है।

असल में इस बात का खुलासा सैटेलाइट से प्राप्त तस्वीरों के जरिए हुआ है, जिससे यह पता चला है कि लगभग एक ट्रिलियन मीट्रिक टन वजन वाला यह हिमखंड तेज हवाओं और धाराओं के कारण तेजी से अंटार्कटिक प्रायद्वीप के उत्तरी सिरे की ओर बह रहा है। जाहिर है इतने बड़े आकार के हिमखंड को खिसकते या चलते हुए देखना खुद में एक दुर्लभ अनुभव है।

न्यूज़North अब WhatsApp पर, सबसे तेज अपडेट्स पानें के लिए अभी जुड़ें!

अचानक क्यों खिसकने लगा A23a आइसबर्ग

ब्रिटिश अंटार्कटिक सर्वेक्षण के ग्लेशियोलॉजिस्ट ओलिवर मार्श के मुताबिक, समय के साथ यह हिमखंड शायद थोड़ा पतला हो गया है और इसलिए इसमें थोड़ा अतिरिक्त उछाल आया है, जिसके चलते यह समुद्र तल से ऊपर उठ गया और समुद्री धाराओं व हवाएँ इसे धकेल पा रही हैं।

See Also
justin-trudeau-on-india-canada-diplomats-conflict

क्या है चिंता का विषय?

वैज्ञानिकों ने संभावना व्यक्त की है कि दुनिया के सबसे पुराने हिमखंडों में से एक A23a फिर से दक्षिण जॉर्जिया द्वीप के आसपास जमींदोज हो सकता है या फिर छोटे टुकड़ों में टूट सकता है। वैसे एक संभावना इसके दक्षिण अफ्रीका की ओर बढ़ने की भी है, जिसके चलते यह शिपिंग को बाधित कर सकता है।

ऐसे में यह हिमखंड अंटार्कटिका के वन्य जीवन के लिए एक बड़ी समस्या खड़ी कर सकता है। असल में इस द्वीप पर लाखों सील, पेंगुइन और समुद्री पक्षी प्रजनन करते हैं और आसपास के पानी से भोजन प्राप्त करते हैं। लेकिन निकट भविष्य में यह खत्म हो सकता है।

आपको अगर याद हो तो साल 2020 में ऐसे ही एक और विशाल हिमखंड, A68 को लेकर यह आशंका जताई गई थी कि यह दक्षिण जॉर्जिया से टकराएगा, जिससे समुद्र तल पर समुद्री जीवन नष्ट हो जाएगा और भोजन मिलने में बाधा उत्पन्न होगी। लेकिन यह तबाही अंततः टल गई थी, क्योंकि हिमखंड छोटे-छोटे टुकड़ों में टूट गया था। A23a के साथ ही ऐसा ही कुछ हो सकता है।

©प्रतिलिप्यधिकार (Copyright) 2014-2023 Blue Box Media Private Limited (India). सर्वाधिकार सुरक्षित.