Site icon NewsNorth

Asian Games 2023: भारत ने जीते 107 मेडल, चीन में रचा इतिहास

asian-games-2023-india-wins-historic-100th-medal

Photo Credit: Narendra Modi (Twitter.com)

Asian Games 2023 – India Wins Historic 100th Medal: चीन के हांगझोउ में खेले जा रहे ‘एशियन गेम्स 2023’ में भारतीय खिलाड़ियों का ऐतिहासिक प्रदर्शन जारी है। खासकर आज (7 अक्टूबर 2023) का दिन भारतीय खेल के इतिहास में एक यादगार दिन के रूप में दर्ज हो गया है, क्योंकि आज भारत ने एशियन गेम्स में पदकों का शतक लगा दिया है।

जी हाँ! पदक तालिका में अब भारत के हिस्से कुल 100 मेडल्स आ चुके हैं और यह आँकड़ा अभी और बढ़ सकता है। बता दें एशियन गेम्स के इतिहास में अब तक यह भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसके पहले भारत ने जकार्ता एश‍ियन गेम्स में सबसे अधिक लगभग 70 पदक अपने नाम किए थे। हम कह सकते हैं कि पिछले 72 सालों में पहली बार ऐसा हुआ है, जब भारत ने एशियाई खेलों में 100 पदकों का आँकड़ा छूआ है।

वैसे 2018 में जकार्ता में हुए एश‍ियन गेम्स में कुल 70 पदकों का रिकॉर्ड भारत ने 4 अक्टूबर को ही तोड़ दिया था, जब भारतीय कंपाउंड तीरंदाजी टीम में शामिल ज्योति वेन्नम और ओजस देवताले ने मिश्रित टीम के तहत गोल्ड मेडल हासिल किया था।

वहीं आज (7 अक्टूबर) को भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए, गोल्ड मेडल हासिल किया, और जो भारत का 100वाँ मेडल बना। और इसी के साथ भारत ने ‘इस बार 100 पार’ के लक्ष्य को भी हासिल कर लिया। पदक तालिका में अब तक भारत 25 गोल्ड, 35 सिल्वर और 40 कांस्य पदक हासिल कर चुका है।

भारत ने इस बार के एशियन गेम्स में तीरंदाजी से लेकर शूटिंग और एथलेटिक्स तमाम मोर्चों पर शानदार प्रदर्शन किया। खासकर इस बार एथलेटिक्स में भारत 29 मेडल अपने नाम कर चुका है, साथ ही शूटिंग के लिए ये आँकड़ा 22 है। ‘जैवलिन थ्रो’ में भी गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने भारत को 17वां गोल्ड दिलाया तो वहीं किशोर जेना ने सिल्वर मेडल जीता।

अंक तालिका (7 अक्टूबर 2023)

रैंक देश गोल्ड सिल्वर ब्रॉन्ज कुल
1 चीन 187 106 64 358
2 जापान 47 57 65 169
3 दक्षिण कोरिया 37 51 87 175
4 भारत 25 35 40 100

Asian Games 2023 – India Wins Historic 100th Medal

साल 1951 में पहली बार एश‍ियन गेम्स आयोजित किए गए और इनकी मेजबानी दिल्ली (भारत) ने ही की। एशियाई खेलों के उस पहले संस्करण में भारत ने कुल 51 मेडल जीते थे, जिनमें 15 गोल्ड, 16 स‍िल्वर और 20 ब्रॉन्ज शामिल थे।

See Also

इस साल यानी 2023 में चीन के हांगझोउ में 19वें एशियाई खेलों का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 23 सितंबर शुरू होकर 8 अक्टूबर तक चलेगा। इस बार के एशियन गेम्स में कुल 40 खेल और 406 इवेंट होंगे। इनमें लगभग 45 देशों के हज़ारों एथलीट भाग ले रहे हैं।

बताते चलें एशियन गेम्स का यह संस्करण इसलिए भी खास है क्योंकि पहली बार भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों को भी इसमें शामिल किया गया है। एशियन गेम्स 2023 की लाइव-स्ट्रीमिंग SonyLIV पर की जा रही है, साथ ही Sony के स्पोर्ट्स टीवी चैनलों पर भी सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

Exit mobile version