Site icon NewsNorth

BYJU’S Layoffs: फिर छटंनी की तैयारी, 5000 कर्मचारी खो सकते हैं नौकरी?

byjus-aakash-insitute-appoints-deepak-mehrotra-as-new-ceo

Credits: Wikimedia commons

BYJU’S To Cut 5000 Jobs Amid Fresh Layoffs: हाल के दिनों में तमाम विवादों में घिरे रहने वाले भारत के सबसे बड़े एडटेक स्टार्टअप में से एक BYJU’S को लेकर एक बार फिर चौंकानें वाली खबर सामने आ रही है। पहले ही कई चरणों में कर्मचारियों को निकालने वाली कंपनी, एक बार फिर यह दोहरा सकती है।

जी हाँ! सामने आ रही खबरों के अनुसार, BYJU’S ने एक बार फिर भारी संख्या में कर्मचारियों की छटंनी करने का फैसला किया है। इस बार लगभग 5,000 कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं। इसका खुलासा मनीकंट्रोल की एक हालिया रिपोर्ट में मामले के जानकार सूत्रों के हवाले से किया गया है।

BYJU’S To Layoffs 5000 Employees?: क्या हो सकती है वजह!

यह कदम ऐसे वक्त में उठाया जा रहा है, जब कुछ ही दिन पहले कंपनी को ‘अर्जुन मोहन’ के रूप में अपना नया सीईओ मिला है। रिपोर्ट की मानें तो यह ताजा संभावित छंटनी असल में एडटेक यूनिकॉर्न के नए सीईओ द्वारा बनाई गई पुनर्गठन योजना का ही एक हिस्सा है। इसके पीछे का मुख्य कारण ‘लागत में कटौती’ बताया जा रहा है।

याद दिला दें, सबसे पहले अक्टूबर 2022 में BYJU’S ने लगभग 2,500 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का ऐलान किया था। इसके बाद कंपनी अब तक सैकड़ों अन्य कर्मचारियों को भी बाहर का रास्ता दिखा चुकी है। लेकिन इस बार नई संभावित छंटनी का आँकड़ा काफी बड़ा है और कथित रूप से इसकी चपेट में विभिन्न विभागों के कर्मचारी आ सकते हैं।

गौर करने वाली बात यह भी है कि इस नई छंटनी के तहत कंपनी के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों की नौकरी भी जा सकती है। साथ ही प्रभावितों की सूची में सेल्स, मार्केटिंग व अन्य कई विभागों की टीमों के शामिल होने की संभावना है। हालाँकि, Aakash के कर्मचारी इस छंटनी से बचे रह सकते हैं।

कब से शुरू होगी छंटनी की प्रक्रिया

रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया जा रहा है कि इस नई छंटनी की प्रक्रिया को कंपनी आगामी हफ़्तों में पूरा कर लेगी। अटकलें यह हैं कि इसका आगाज अगले हफ्ते की शुरुआत से हो जाएगा, और अक्टूबर के पहले-पहले इसे पूरा कर लिया जाएगा।

See Also

लागत में कटौती के चलते उठाए जा रहे इस कदम को पूरा करने के बाद, कंपनी (भारत) के नए सीईओ अर्जुन मोहन टिकाऊ संचालन के साथ आगे बढ़ते नजर आएँगे। हाल में तमाम संकटों से घिरी यह एडटेक यूनिकॉर्न, एक साथ कई चुनौतियों का सामना कर रही है।

कुछ ही समय पहले कंपनी ने अपने कुछ ऑफिस स्पेस भी खाली किए। अटकलें यह भी हैं कि BYJU’S अपनी कुछ सहायक कंपनियों को बेचनें पर भी विचार कर रही है। कुछ ऋण प्रदाताओं के साथ विवादों में उलझी नजर आई ये कंपनी अब नई फंडिंग जुटाने के भी प्रयास कर सकती है।

लगभग $22 बिलियन की वैल्यूएशन के साथ, दुनिया की सबसे बड़ी एडटेक कंपनी में से एक BYJU’S इस साल की शुरुआत से ही नई फंडिंग हासिल करने की कोशिश कर रही है। लेकिन तमाम घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय चुनौतियों की वजह से इसे अभी तक कामयाबी नहीं मिल सकी है।

Exit mobile version