Site icon NewsNorth

“हर मिनट 137 ऑर्डर”: Swiggy ने जारी किए साल 2022 से संबंधित कुछ दिलचस्प आँकड़े!

swiggy-turns-profitable-in-food-delivery

Image Credit: Swiggy (Play Store)

Swiggy in 2022: साल 2022 को हम जल्द ही अलविदा कहने वाले हैं। ऐसे में हर साल की तरह इस बार भी लोकप्रिय ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म, Swiggy ने इस साल लोगों के द्वारा ऑर्डर किए गए भोजन से संबंधित कुछ दिलचस्प आँकड़ो को पेश किया है।

इस रिपोर्ट में Swiggy ने बताया है कि 2022 में भारतीयों ने सबसे ज्यादा किस डिश को ऑर्डर किया? ऑर्डर करने की संख्या के आधार पर कौन सा शहर टॉप पर रहा? कंपनी को अधिकतम कितने रुपए तक का ऑर्डर प्राप्त हुआ? आदि बहुत कुछ! तो आइए जानते हैं Swiggy के द्वारा साझा किए गए कुछ दिलचस्प आँकड़ो के बारे में!

ऐसी तमाम ख़बरें सबसे पहले पाने के लिए जुड़ें हमारे टेलीग्राम चैनल से!: (टेलीग्राम चैनल लिंक

कंपनी के अनुसार, पिछले 7 सालों की तरह ही इस साल भी सबसे ज्यादा पसंद व ऑर्डर की जाने वाली डिश बिरयानी ही रही। इस साल तो आलम ये रहा कि पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए, हर एक सेकंड में 2.28 ऑर्डर के साथ बिरयानी ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। इस लिहाज से देखें तो हर एक मिनट में बिरयानी के 137 ऑर्डर किए गए।

Swiggy in 2022: सबसे ज्यादा ऑर्डर किए गए व्यंजनों की लिस्ट

कंपनी की मानें तो सबसे अधिक ऑर्डर किए गए डिश की लिस्ट में ‘चिकन बिरयानी’ जहाँ पहले नंबर पर रही, वहीं इसके बाद मसाला डोसा, चिकन फ्राइड राइस, पनीर बटर मसाला, बटर नान, वेज फ्राइड राइस, वेज बिरयानी और तंदूरी चिकन ने अपनी जगह बनाई।

Image Credit: Swiggy

इन आँकड़ो में एक और दिलचस्प चीज ये सामने आई कि भारतीय ग्राहकों ने हिंदुस्तानी खाने के साथ ही साथ मैक्सिकन बाउल, स्पाइसी रेमन और सुशी के भी भरपूर ऑर्डर किए।

2022 में किस स्नैक्स को सबसे अधिक किया गया पसंद?

बिरयानी की तरह ही, स्नैक्स की लिस्ट में पिछले साल की ही तरह इस बार भी ‘समोसा’ टॉप पर रहा। Swiggy ने इस साल समोसे के कुल 40 लाख ऑर्डर्स दर्ज किए।

वहीं इसके बाद लगभग 20 लाख ऑर्डर्स के साथ पॉपकॉर्न दूसरे नंबर पर और फिर पाव भाजी, फ्रेंच फ्राइज, गार्लिक ब्रेडस्टिक्स आदि ने अपनी जगह बनाई।

साल 2022 में कौन सी मिठाई लोगों को सबसे अधिक पसंद आई?

बात मीठे की हो तो भारतीयों के बीच इस लिस्ट में ‘गुलाब जामुन’ ही टॉप पर रहेगा, जिसके करीब 27 लाख ऑर्डर दर्ज किए गए। वहीं इसके बाद 16 लाख ऑर्डर्स के साथ रसमलाई दूसरे और 10 लाख ऑर्डर के साथ चोको लावा केक तीसरे स्थान कर रहा।

एक ग्राहक ने किया ₹75,378 का सिंगल ऑर्डर

Swiggy के लिए इस साल का सबसे बड़ा ऑर्डर बेंगलुरु के एक ग्राहक ने किया, जिसने अक्टूबर में दिवाली के दौरान ₹75,378 का सिंगल ऑर्डर किया था। इसके बाद पुणे में भी एक ग्राहक ने अपनी पूरी टीम के लिए ₹71,229 के बर्गर और फ्राइज ऑर्डर किए थे।

See Also

इस फूड डिलीवरी कंपनी ने अपनी सालाना ट्रेंड रिपोर्ट में बताया कि यह इस साल 100,000 से अधिक रेस्तरां और क्लाउड किचन को प्लेटफॉर्म के साथ जोड़ने में कामयाब रही।

दिलचस्प रूप से शहरों के मामलें में बेंगलुरु ने कंपनी की सब्सक्रिप्शन सेवा Swiggy One का इस्तेमाल करते हुए ऑर्डर्स पर सबसे अधिक बचत की। एक अनुमान के मुताबिक बेंगलुरू में कंपनी के सब्सक्राइबर्स ने ₹100 करोड़ से अधिक की बचत की।

कैसा रहा Instamart का प्रदर्शन?

बात करें Swiggy की क्विक-कॉमर्स इकाई Instamart की तो इस साल इसने सिर्फ बेंगलुरु, दिल्ली और मुंबई से ही 50 मिलियन से अधिक ऑर्डर दर्ज किए। Instamart पर सबसे ज्यादा ऑर्डर किए जाने वाले फलों और सब्जियों में प्याज, आलू, टमाटर, तरबूज, केला और नारियल जैसी चीजें शामिल रहीं।

देश के बेंगलुरु, मुंबई, हैदराबाद और पुणे जैसे शहरों में लोगों ने इस प्लेटफॉर्म के जरिए 50 लाख किलो से अधिक ऑर्गेनिक फल और सब्जियां खरीदीं।

Exit mobile version